डीएनबी भारत डेस्क
बड़ी खबर समस्तीपुर से आ रही है जहाँ जिले के हलई थाना क्षेत्र के बनवीरा पंचायत के वार्ड 4 में शराब के स्टॉक की सूचना मिलने पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर गृहस्वामी समेत अन्य भीड़ ने हमला कर दिया।
घटना में उत्पाद विभाग के आधा दर्जन महिला और पुरुष पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने का भी प्रयास किया। उत्पाद विभाग के दो बोलेरो और दो स्कॉर्पियो वाहन में तोड़फोड़ की गई। जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को एक वीडियो मिला था, जिसमें बनवीरा पंचायत स्थित एक घर में शराब का स्टॉक रखे होने की बात सामने आई थी।
वीडियो के सत्यापन के बाद टीम संबंधित घर में छापेमारी करने पहुंची। टीम के पहुंचते ही घर के लोगों की ओर से विरोध शुरू हो गया। इसके बाद कुछ अन्य लोग भी मौके पर जुट गए और पुलिस टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने का प्रयास किया।पुलिस टीम ने स्थिति बिगड़ने पर वहां से हटकर खुद को सुरक्षित किया। हमलावरों ने उत्पाद विभाग के दोनों वाहनों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया।
बाद में अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर स्थिति को नियंत्रित किया गया। छापेमारी के दौरान मध्य विद्यालय हरपुर भिंडी में कार्यरत शिक्षक अमरनाथ राय की पुलिस टीम से बहस होने की बात भी सामने आई है। वह उस घर के लोगों के रिश्तेदार बताए गए हैं। परिजनों का दावा है कि बहस के दौरान अमरनाथ राय की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर हलई थाना पुलिस के साथ आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
पटोरी एसडीपीओ बीके मेधावी के नेतृत्व में पुलिस बल ने संबंधित घर की तलाशी ली। हालांकि, घर से तत्काल शराब बरामद नहीं हुई। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट