डीएनबी भारत डेस्क
खगड़िया। देश के प्रमुख किसान नेता राकेश टिकैत का खगड़िया आगमन हुआ, जहां किसानों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। शहर भ्रमण के दौरान स्थानीय किसान नेता धीरेन्द्र सिंह टुडू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं और उनके समर्थन में ‘जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
स्वागत के बाद राकेश टिकैत खुद ट्रैक्टर चलाते हुए दर्जनों ट्रैक्टरों के काफिले के साथ माड़र स्थित रणखेत मैदान के लिए रवाना हुए। इस विशाल रैली में बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए।
रणखेत मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने बिहार में किसानों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों की समस्याएं गंभीर हैं और उनका शोषण हो रहा है। बिहार में किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए एक बड़े और संगठित आंदोलन की सख्त आवश्यकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों से जुड़े हर मुद्दे पर वे उनके साथ खड़े हैं और हक की लड़ाई के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन को तेज किया जाएगा। सभा में बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने उनकी बातों का पुरजोर समर्थन किया।
खगड़िया संवाददाता राजीव कुमार की रिपोर्ट