डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर (बेगूसराय): थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में शनिवार की देर रात करीब 1 बजे बेखौफ बदमाशों ने सो रहे एक 19 वर्षीय दिव्यांग युवक के मुंह में पिस्तौल डालकर गोली मार दी। गोली की आवाज और चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो मंदिर के फर्श पर खून से लथपथ युवक को तड़पते देख सन्न रह गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल को गंभीर हालत में इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
घायल युवक की पहचान डीहपर पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी देवेंद्र सहनी के 19 वर्षीय दिव्यांग पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना के कारणों को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, देर रात करीब 12 बजे के बाद बाइक से दो युवक मंदिर पहुंचे थे, जो अजीत को अपने साथ कहीं चलने का दबाव बना रहे थे। कुछ लोगों का कहना है कि इलाके में वर्चस्व कायम करने की नीयत से बदमाशों ने पहले एक राउंड हवाई फायरिंग की और फिर युवक के मुंह में पिस्तौल घुसाकर गोली दाग दी। वहीं, दबी जुबान से लोग अवैध धंधे से जुड़े विवाद की आशंका भी जता रहे हैं।
मामले को लेकर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है। परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन नहीं मिला है; आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट