डीएनबी भारत डेस्क
बरौनी (बेगूसराय): बाल विकास परियोजना बरौनी अंतर्गत बथौली पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-134 पर बुधवार को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुश्री प्रीति कुमारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सीडीपीओ ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष पोषण माह की मुख्य थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है, जिसका मूल उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन और बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रति समाज व समुदाय में अपनत्व और जिम्मेदारी की भावना जागृत करना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड समन्वयक रौशन कुमार ने पोषण माह के तहत आयोजित होने वाली दैनिक गतिविधियों की रूपरेखा विस्तार से रखी। उन्होंने उपस्थित सेविकाओं को निर्देशित किया कि प्रतिदिन आयोजित होने वाली गतिविधियों का विवरण नियमित रूप से ‘पोषण अभियान जन आंदोलन’ के डैशबोर्ड पर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
अभियान के अंतर्गत आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन सुनिश्चित करने पर बल दिया जाएगा, जिसके तहत स्थानीय स्तर पर सुलभ पोषक तत्वों, विविध खाद्य समूहों और प्रोटीन युक्त खान-पान को बढ़ावा दिया जाएगा। वहीं पूरक पोषण कार्यक्रम (एसएनपी) के तहत केंद्रों पर स्वच्छता, गुणवत्ता, मोटे अनाज (मिलेट्स) व मौसमी सब्जियों को शामिल कर ताजा गर्म भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त नवगठित आंगनबाड़ी प्रबंधन समितियों (एएमसीएस) के जरिए सामुदायिक स्वामित्व, पारदर्शिता और जन-भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
साथ ही 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के बेहतर शारीरिक पोषण के साथ-साथ उनके मानसिक व संज्ञानात्मक विकास (ईसीसीई) को सुदृढ़ करने और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के तहत गर्भवती व धात्री महिलाओं को ससमय मातृत्व लाभ व पोषण सहायता पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
मौके पर सीडीपीओ प्रीति कुमारी, प्रखंड समन्वयक रौशन कुमार, महिला पर्यवेक्षिका प्रीतम कुमारी, आंगनबाड़ी सेविका मानवी कुमारी, संगीता देवी, पूनम कुमारी, मीणा देवी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लाभुक और ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट