डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय जिले के बरौनी अयोध्या प्रसाद सिंह स्मारक महाविद्यालय, बरौनी में मंगलवार को महाविद्यालय का स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। वर्ष 1958 में स्थापित इस शिक्षण संस्थान की गौरवशाली यात्रा को याद करते हुए आयोजित समारोह में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. मुकेश कुमार ने की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. चंद्रभानु प्रसाद सिंह , प्रसिद्ध आलोचक, शिक्षाविद एवं विश्वविद्यालय के पूर्व मानविकी संकायाध्यक्ष ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने महाविद्यालय के शहर में स्थित होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलने वाले लाभों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर में शिक्षण संस्थान होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधनों, सुविधाओं और विभिन्न अवसरों का लाभ मिलता है।
मुख्य वक्ता ने महाविद्यालय की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले उन लोगों के प्रति कृतज्ञता एवं धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने महाविद्यालय के लिए अपनी जमीन दान की थी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का त्याग और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, मेहनत, संस्कार और सकारात्मक सोच को जीवन में अपनाने की सीख दी। साथ ही विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए समाज और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. अमरेश सांडिल्य, महाविद्यालय के भूतपूर्व प्रधानाचार्य एवं प्राध्यापक रहे। उन्होंने महाविद्यालय से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
समारोह के दौरान महाविद्यालय की 1958 से अब तक की शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों और योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम ने पुरानी गौरवशाली परंपराओं को स्मरण करने के साथ विद्यार्थियों को संस्थान की विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। समारोह में उपस्थित छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
समस्त कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं आगत अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. सुशील कुमार ने किया।
डीएनबी भारत डेस्क