डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर शहर में ओवरब्रिज मरम्मत कार्य के दौरान प्रस्तावित रूट डायवर्जन एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आज अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार एवं ट्रैफिक डीएसपी द्वारा संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि ओवरब्रिज की मरम्मत जनहित एवं सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है। मरम्मत कार्य के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, यातायात सुचारु रूप से संचालित रहे तथा किसी भी व्यक्ति को आवागमन में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि रूट डायवर्जन की योजना सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयार की गई है। आवश्यक स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती, दिशा-सूचक संकेतक, बैरिकेडिंग एवं वैकल्पिक मार्गों की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि आमजन सुरक्षित एवं सुगमता से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
अनुमंडल प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें, यातायात पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आवश्यकता पड़ने पर यातायात व्यवस्था की लगातार समीक्षा कर आवश्यक सुधार भी किए जाएंगे।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट