डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में आज एक आंगनबाड़ी सेविका की उस समय मौत हो गई जब वह पर्व को लेकर गंगा से गंगाजल लेने के लिए गई थी। घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के बजलपुरा गंगा घाट की है। मृतक की पहचान बजलपुरा निवासी अरुण कुमार सिंह की पत्नी इंदू देवी के रूप में की गई है।

बताया जा रहा है कि इंदु देवी आज अमावस्या के मौके पर गंगा स्नान के लिए गई थी एवं घर में पूजा पाठ के लिए गंगाजल लाने के लिए उन्होंने पहले गंगा से जल लिया और उसे किनारे रखकर पुनः स्नान के लिए गई। लेकिन स्नान के क्रम में ही वह गहरे पानी में चली गई जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना लगते ही स्थानीय लोगों में कोहराम मच गया।
बाद में मौके पर तेघरा प्रखंड के प्रशासनिक पदाधिकारी भी पहुंचे एवं एसडीआरएफ के टीम के द्वारा शव की खोजबीन की जा रही है। लेकिन तकरीबन 4 घंटे बीत जाने के बावजूद अभी तक शव को बरामद नहीं किया जा सका है। फिलहाल स्थानीय लोगों के द्वारा मृत्का के लिए मुआवजे की मांग एवं गंगा घाट को सुरक्षित करने की मांग की जा रही है।
डीएनबी भारत डेस्क