डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर। सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा के जारी परिणाम में सेंट जोसेफ एकेडमी रघुनंदनपुर के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला।

विद्यालय के मेधावी छात्र आदित्य आनंद ने 95% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं पीयूष और गौरव कुमार ने 93% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा स्मृति पाठक एवं कीर्ति कुमारी ने 92% अंक लाकर तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय के कई अन्य छात्रों ने भी 90% से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और विद्यालय को गौरवान्वित किया। छात्रों की इस शानदार सफलता से अभिभावकों एवं शिक्षकों में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय के प्राचार्य सत्येंद्र कुमार झा ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है।
इस अवसर पर एकेडमिक इंचार्ज जार्ज सर, डायरेक्टर राजेश कुमार राय, प्रशासक मनोज कुमार राय तथा राम कुमार सर ने भी सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगे भी इसी तरह मेहनत कर विद्यालय का नाम ऊंचा करते रहें।विद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को उनकी इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट