डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से इस वक्त बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां एक बार फिर अपराधियों का खूनी तांडव देखने को मिला है।जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में अपराधियों ने एक युवक को बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हैवानियत की हद पार करते हुए अपराधियों ने युवक को गोली भी मार दी और मौके पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।

मृतक की पहचान मोहम्मद वकील के रूप में की गई है, जो घर से दुकान जाने के दौरान रास्ते में ही अपराधियों के हत्थे चढ़ गया।घटना की जानकारी मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो अपराधियों ने उन पर भी हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और हथियारों से लैस बदमाशों ने परिजनों की जमकर पिटाई की और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
इस हमले में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि दिनदहाड़े इस तरह की घटना से साफ जाहिर होता है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
डीएनबी भारत डेस्क