डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पानी प्लांट के बगल में रखी प्लास्टिक बोतलों के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना रिफाइनरी थाना क्षेत्र के हरपुर के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पानी प्लांट के समीप हजारों की संख्या में प्लास्टिक बोतलें जमा कर रखी गई थीं। इसी दौरान अचानक उनमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्लास्टिक की बोतलें धू-धू कर जलने लगीं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के घरों और बगल में मौजूद पानी प्लांट पर भी खतरा मंडराने लगा।
धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन सवाल यह है कि रिहायशी इलाके और पानी प्लांट के पास इतनी बड़ी मात्रा में प्लास्टिक बोतलों का भंडारण कैसे किया जा रहा था। फिलहाल प्रशासन जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रहा है।
डीएनबी भारत डेस्क