तेघड़ा प्रखंड अंतर्गत पंचायत उप-निर्वाचन 2025 की नामांकन प्रक्रिया आज तीसरे दिन रही धीमी

DNB Bharat Desk

तेघड़ा प्रखंड अंतर्गत पंचायत उप-निर्वाचन 2025 की नामांकन प्रक्रिया आज तीसरे दिन भी अपेक्षाकृत ठंडी ही रही। हालांकि, निर्वाचन कार्यालय में उम्मीदवारों की गतिविधियां बढ़ती हुई दिखी। नामांकन दाखिल नहीं होने के बावजूद नामांकन रसीद (एन.आर.) कटवाने वालों की संख्या में इज़ाफा देखने को मिला, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि आगामी दिनों में नामांकन में तेजी आ सकती है।

- Sponsored Ads-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज जिला परिषद क्षेत्र संख्या 18 से पूर्व जिला परिषद सदस्य शिव चंद्र महतो की पत्नी द्वारा नामांकन हेतु एन.आर. कटवाया गया। वहीं प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र संख्या 17 से सरपंच पद के लिए भी एक अभ्यर्थी ने एन.आर. कटवाया। साथ ही, गौड़-01 वार्ड से वार्ड सदस्य पद के लिए भी एक एन.आर. कटा।

नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत 14 जून से हुई थी, पर पहले तीन दिनों में कोई औपचारिक नामांकन दाखिल नहीं हुआ है। प्रशासन के अनुसार, प्रत्याशी अंतिम दिनों में नामांकन दाखिल करना पसंद करते हैं, इसलिए आगामी दिनों में नामांकन की रफ्तार तेज होने की संभावना है। विशेषकर 17 जून को कई नामांकन दाखिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

अनुमंडल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। एसडीओ ने जानकारी दी कि मतदाताओं एवं उम्मीदवारों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।

तेघड़ा प्रखंड में इस उप-चुनाव के तहत जिला परिषद सदस्य, सरपंच, पंच और वार्ड सदस्य के कुल 7 पद रिक्त हैं जिन पर यह चुनाव हो रहा है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 जून 2025 है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 21 जून को की जाएगी। 23 जून तक नाम वापसी की अनुमति दी गई है और मतदान 9 जुलाई 2025 को होगा।

प्रशासन ने सभी इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने नामांकन पत्र दाखिल करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएं। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article