शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के बयान पर भाजपा है लगातार हमलावर, राजद को दी यह चुनौती…

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क 

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता रुमान अहमद साबरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राजद के विधायक-मंत्री लालू प्रसाद के इशारे पर राम मंदिर, देवी सरस्वती और रामचरित मानस पर लगातार अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं, तो पार्टी सीधे यह घोषणा करने की हिम्मत दिखाये कि उसे मंदिर जाने वाले हिंदुओं का वोट नहीं चाहिए। जिस प्रकार शिक्षा मंत्री का बयान आ रहा है उससे स्पष्ट है कि वे मानसिक रूप से मजबूत नहीं है उन्हें किसी डॉक्टर से परामर्श लेनी चाहिए।

- Sponsored Ads-

साबरी ने कहा कि राजद कोटे के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर अगर मंदिर को गुलामी और शोषण का प्रतीक मानते हैं, तो वे ऐसी पार्टी की गुलामी क्यों कर रहे हैं, जिसके अध्यक्ष परिवार के साथ कभी तिरुपति मंदिर जाते हैं, तो कभी थावे देवी मंदिर में पूजा करते हैं? उन्होंने कहा कि जिस शिक्षा मंत्री को उनके विभागीय अवर मुख्य सचिव ने औकात बता दी और कार्यालय आना बंद करा दिया, वे समाज में वैमनस्य बढाने वाले भाषण देकर “क्रांतिकारी” बनने का प्रयास कर रहे हैं।

साबरी ने कहा कि राजद की नजर में यदि मंदिर गुलामी का प्रतीक और शोषण की जगह है, तो दूसरे धर्मों के स्थानों के बारे में उनकी राय क्या है? क्या वे घोषणा करेंगे कि पार्टी धर्मनिरपेक्ष नहीं, धर्म-रहित समाज बनाने का प्रयास करेगी? आज पूरा देश 22 जनवरी के जश्न की तैयारी में जुटा है वहीं शिक्षा मंत्री का इस प्रकार का अनर्गल बयान देना काफी निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने अपने 15 साल के राज में बिहार की शिक्षा को चौपट किया और सिर्फ चरवाहा विद्यालय बनवाये, उसके मंत्री-विधायक अब स्कूल केे महत्व पर ज्ञान दे रहे हैं।

साबरी ने आगे कहा कि जो लोग मंदिर का विरोध कर रहे हैं, उन्हें स्कूल-अस्पताल बनवाने से कौन रोक रहा है? वे बतायें कि सत्ता की दूसरी पारी में राजद के शिक्षा मंत्री ने कितने स्कूल बनवाये और इसी दल के स्वास्थ्य मंत्री ने डेढ साल में कितने नये अस्पताल बनवा दिये।

समस्तीपुर से अफरोज आलम 

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article