डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चिरंजीवीपुर कोल्ड स्टोरेज के समीप मंगलवार को एनएच-28 पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदचौर मध्य पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी स्व. राम रतन दास के 45 वर्षीय पुत्र मनोज दास के रूप में हुई है।

वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान रंजीत दास के पुत्र अविनाश कुमार के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक बाइक पर सवार होकर दलसिंहसराय से बछवाड़ा की तरफ जा रहे दोनों व्यक्ति चिरंजीवीपुर कोल्ड स्टोरेज के समीप एनएच 28 पर पहुंचते ही विपरीत दिशा बछवाड़ा से दलसिंहसराय की तरफ जा रहे तेज रफ्तार मारुती वाहन और बाइक में सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चालक समेत दोनों सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। दुर्घटना के बाद आस पास के लोग जमा हो गए। कुछ समय के लिए एन एच 28 पर अफरा तफरी का माहौल हो गया।
वही पंचायत के मुखिया ने तत्परता दिखाते हुए अपने निजी वाहन से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा पहुंचाया ।जहां तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद मनोज दास को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल अविनाश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया। घटना की सूचना बछवाड़ा थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच। एवं घटना की सूचना परिजनों को दिया।घटना की सूचना पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि चाचा और भतीजा घर से बाइक पर सवार होकर अपने भांजे के लिए लड़की देखने बछवाड़ा प्रखंड के भुथरी गांव जा रहे थे।
इसी दौरान चिरंजीवीपुर के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। वही शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनके चीख-पुकार से अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। वही पुलिस ने मृतक शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बेगूसराय अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक अपने पीछे पांच लड़की और दो लड़का छोड़ गए। दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट