डीएनबी भारत डेस्क
बड़ी खबर समस्तीपुर से आ रही है जहाँ कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बरहेता पंचायत अंतर्गत भगवानपुर काली स्थान वार्ड संख्या-9 स्थित सहनी टोले में दिनदहाड़े बाइक सवार दर्जनों बदमाशो ने जमकर उत्पात मचाया।बदमाशो ने राजा कुमार सहनी के घर पर तीन राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।

इस दौरान राजा कुमार सहनी की मां भगवती देवी ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक बदमाश के हाथ से पिस्तौल छीन ली। इसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और भीड़ का फायदा उठाकर सभी बदमाश फरार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, बाइक से पहुंचे पांच लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दर्जनों बदमाशो ने राजा कुमार सहनी के घर को निशाना बनाते हुए लगातार तीन राउंड फायरिंग की।
इस दौरान हथियार छीनने की कोशिश में अपराधियों की दो मैगजीन और एक मोबाइल भी मौके पर गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रणवीर कुमार रावत के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोबाइल बरामद किया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इधर, दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से सहनी टोले सहित आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। वहीं, पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट