डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में एक बार फिर भीड़ का क्रूर चेहरा देखने को मिला है। मोबाइल और रिफाइंड तेल चोरी के आरोप में लोगों ने एक युवक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। भीड़ ने युवक को घंटों तक अपने कब्जे में रखा और उसके साथ मारपीट करती रही।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के लोहियानगर ओवरब्रिज के समीप एनएच-31 की है। पकड़े गए युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले रोहित कुमार के रूप में की गई है।घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रोहित कुमार पर पहले एक युवक का मोबाइल छीनकर भागने और फिर रिफाइंड तेल का डिब्बा लेकर भागने का आरोप है। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी।आप तस्वीरों में साफ देख सकते हैं कि किस तरह भीड़ युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट कर रही है।
वहीं, पकड़े गए युवक रोहित कुमार ने अपनी सफाई में बताया कि चोरी की घटना किसी दूसरे युवक ने की थी, लेकिन गलतफहमी में लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।दूसरी ओर, पीड़ित पक्ष के नीतीश कुमार ने बताया कि वे गाड़ी पर बड़ी मात्रा में रिफाइंड तेल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान तीन युवक पीछे से आए। पहले एक युवक मोबाइल छीनकर भागा और फिर रिफाइंड तेल का डिब्बा लेकर भागने लगा। इसी दौरान लोगों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से युवक को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी है।अब सवाल यह है कि चोरी का आरोप कितना भी गंभीर क्यों न हो, क्या किसी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेकर इस तरह सजा देने का अधिकार है।
डीएनबी भारत डेस्क