घूसखोर वाणिज्य कर अधिकारी खिड़की से फेंके रिश्वत के पैसे, निगरानी टीम ने दबोचा
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की एक बार फिर बड़ी कार्रवाई हुई है । जिसमें सहायक कर आयुक्त श्री प्रकाश चंद्र एवं उनके सहायक डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष झा को निगरानी की टीम ने पच्चीस हजार रिश्वत लेते रगे हाथ गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि उलाव निवासी कपड़ा व्यवसाई ज्योति कुमार ने आरोप लगाया था कि उनको जीएसटी की राशि के समायोजन के लिए सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र एवं उनके डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष झा के द्वारा 50000 की रिश्वत मांगी गई थी तथा इसके एवज में साढे तीन लाख जीएसटी कर को समन्वय करने की बात बताई गई थी । लेकिन ज्योति कुमार ने सिर्फ पच्चीस हजार रिश्वत देने की स्वीकृति दी थी तथा उन्होंने निगरानी से संपर्क कर इस बात की शिकायत दर्ज करवाई थी।
जिसके बाद निगरानी की टीम ने 5 अक्टूबर को मामला दर्ज करते हुए इस मामले में कार्रवाई शुरू की और चिन्हित नोट के बंडल को ज्योति कुमार को दिया गया। जिसे ज्योति कुमार ने संतोष झा के माध्यम से सहायक कर आयुक्त तक पहुंचाया। लेकिन जैसे ही सहायक कर आयुक्त श्री प्रकाश चंद्र को इसकी भनक लगी उन्होंने कार्यालय की खिड़की से रुपए को बाहर फेंक दिया था।
जिसे निगरानी की टीम ने बरामद किया एवं इसी सबूत के आधार पर फिलहाल दोनों को हीरासत में लिया गया है । अब पूरी जांच पड़ताल के बाद उन पर विधि सम्मत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
डीएनबी भारत डेस्क