डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर (बेगूसराय): अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की धरपकड़ को लेकर वीरपुर थाना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सघन छापेमारी अभियान चलाकर तीन वांछित वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लक्ष्मीपुर निवासी वारंटी रामविनय तांती तथा रामपुर बहुआरा निवासी जितेंद्र ठाकुर को उनके ठिकानों से दबोच लिया। इसके अलावा, काफी समय से फरार चल रहे पर्रा गांव निवासी कुर्की वारंटी राम निवास यादव को भी पुलिस ने विशेष घेराबंदी कर गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए तीनों अभियुक्तों के खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट और कुर्की का आदेश निर्गत किया गया था, जिसके बाद से पुलिस लगातार इनकी तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तारी के बाद थाने में आवश्यक कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके उपरांत, सभी तीनों अभियुक्तों को अग्रतर न्यायिक कार्रवाई हेतु बेगूसराय व्यवहार न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों में हड़कंप व्याप्त है।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट