भगवानपुर: निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान छह वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

DNB Bharat Desk

भगवानपुर (बेगूसराय)। जगदीशपुर चौक स्थित एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान शुक्रवार को छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जगदीशपुर पुल के समीप हरिचक-भगवानपुर मुख्य मार्ग पर धरना देकर सड़क जाम कर दिया। परिजनों ने निजी क्लीनिक के चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

मृतका की पहचान शेरपुर गांव के वार्ड संख्या-11 निवासी कैप्टन पासवान की छह वर्षीय पुत्री राधा कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसे जगदीशपुर चौक स्थित निजी क्लीनिक में इलाज के लिए ले जाया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां विनीता देवी सहित अन्य परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। राधा तीन बहनों में सबसे बड़ी थी।

भगवानपुर: निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान छह वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा 2पुलिस ने समझाकर हटवाया जाम

सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसआई सुमित कुमार, राहुल कुमार और विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया। जाम के कारण हरिचक-भगवानपुर मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

भगवानपुर: निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान छह वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा 3पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया है। परिजनों का आरोप है कि यदि बच्ची को समय पर बेहतर इलाज मिलता तो उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट

Share This Article