डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर (बेगूसराय) सरकारी नियमानुसार गुरुवार को वीरपुर प्रखंड क्षेत्र की पर्रा पंचायत में मुखिया अस्जद मल्लिक की अध्यक्षता में एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस बैठक में पंचायत के सभी वार्डों के वार्ड सदस्यों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।
ग्राम सभा के दौरान पंचायत क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। इनमें छात्र नेता ऋषभ कुमार द्वारा उठाई गई प्रमुख मांगों—सरौंजा पूर्वी भाग प्राथमिक विद्यालय को उत्क्रमित कर मध्य विद्यालय का दर्जा देने तथा मठ टोला एवं फुलकारी में नए प्राथमिक विद्यालय स्थापित करने—पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी वार्ड सदस्यों एवं ग्रामीणों ने एक स्वर में करतल ध्वनि के साथ इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुखिया अस्जद मल्लिक ने कहा कि पंचायत के समग्र विकास और जनहित से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा का विस्तार अत्यंत आवश्यक है, और इसी दिशा में नए विद्यालयों की स्थापना एवं प्राथमिक विद्यालय के उत्क्रमण के प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर पास किया गया है।
इसके अतिरिक्त ग्राम सभा में कई अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा तय करते हुए उन्हें प्रशासनिक स्वीकृति के लिए अग्रसारित करने का निर्णय लिया गया। बैठक के अंत में मुखिया ने ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पंचायत के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट