बिहार थाना खंदकपर वार्ड नंबर तीस की घटना।
डीएनभारत डेस्क
नालंदा में बदमाशों के बेखौफ होने की तस्वीर बिहार थाना क्षेत्र के खंदकपर इलाके में देखने को मिली है। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार खंदकपर में मोटरसाइकिल की टक्कर के विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान जमकर मारपीट और रोड़ेबाजी हुई।
आरोप है कि बिहारशरीफ नगर निगम के वार्ड नंबर-30 की वार्ड पार्षद सीमा गुप्ता, उनके पति राजेश गुप्ता, पुत्र पीयूष राज और कन्हैया कुमार के साथ मारपीट की गई। जख्मी वार्ड पार्षद के रिश्तेदारों ने बताया कि उनका पुत्र पीयूष राज मोटरसाइकिल से डॉक्टर के यहां जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि अंबेदकर छात्रावास के दर्जनों छात्र मौके पर पहुंच गए और पीयूष राज के साथ मारपीट शुरू कर दी।पीयूष राज को बचाने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान जमकर रोड़ेबाजी हुई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।घटना के बाद वार्ड पार्षदों में आक्रोश है।
दिनदहाड़े वार्ड पार्षद और उनके परिवार के साथ मारपीट की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
डीएनभारत डेस्क