दीपोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वच्छता, सामाजिक समरसता और सकारात्मक सोच का उत्सव है- मुख्य पार्षद

DNB Bharat Desk

केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत नगर परिषद बीहट की ओर से गुरुवार 17 सितंबर को सिमरिया धाम स्थित रिवर फ्रंट तथा बड़ी दुर्गा माता मंदिर, बीहट परिसर में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम संध्या 7 बजे से शुरू होगा। इसे लेकर नगर परिषद् की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम के दौरान रंगोली, दीपोत्सव एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। दीपों की रोशनी से रिवर फ्रंट और मंदिर परिसर को सजाया जाएगा।

नगर परिषद के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।नगर परिषद बीहट की मुख्य पार्षद बबीता देवी ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर नगर के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। दीपोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वच्छता, सामाजिक समरसता और सकारात्मक सोच का उत्सव है। उन्होंने सभी नगरवासियों से अपने परिवार एवं बच्चों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।नगर कार्यपालक पदाधिकारी अवनीश कुमार ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास है।

दीपोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वच्छता, सामाजिक समरसता और सकारात्मक सोच का उत्सव है- मुख्य पार्षद 2उन्होंने नगर क्षेत्र के लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।वहीं उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार ने कहा कि सिमरिया धाम की धार्मिक महत्ता और बीहट की सांस्कृतिक परंपरा को ध्यान में रखते हुए दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। दीपों की श्रृंखला के माध्यम से स्वच्छता, सेवा और सकारात्मक सोच का संदेश समाज तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों, युवाओं, महिलाओं एवं श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम को लेकर नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा दोनों स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

Share This Article