डीएनबी भारत डेस्क
तेघड़ा अनुमंडल अंतर्गत तेघड़ा प्रखंड के बरौनी-2 पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पुरवारी टोल, पासवान टोली, शर्मा टोली सहित आसपास के इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश करने के बाद प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।

बाढ़ प्रभावित लोगों की सुविधा एवं सुरक्षित आश्रय के लिए ओझा टोल स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय-2 में बाढ़ राहत कैंप शुरू कर दिया गया है। राहत कैंप में प्रभावित परिवारों के ठहरने के लिए कमरे उपलब्ध कराए गए हैं तथा पेयजल, बिजली, भोजन, शौचालय एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। कैंप में प्रभावित लोगों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
वहीं, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए मेडिकल टीम एवं मेडिकल कैंप की व्यवस्था भी की गई है, जहां बाढ़ प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन की टीम द्वारा क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए जरूरतमंद परिवारों को राहत कैंप तक पहुंचाने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य को और विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहत कैंप में भोजन, पेयजल, बिजली, आवासन एवं चिकित्सा सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की गई है कि जलस्तर बढ़ने अथवा किसी अन्य आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान एवं राहत कैंप का सहारा लें तथा किसी भी आवश्यकता की स्थिति में स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचित करें।
डीएनबी भारत डेस्क