डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर/विभूतिपुर: विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र के बेलसंडी तारा पंचायत से जमीनी विवाद का मामला सामने आया है, जहां सरकारी जमीन पर कब्जे के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने की खबर है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बताया जा रहा है।

पंचायत निवासी मोहम्मद शमशुल का आरोप है कि पंचायत के ही कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। उनका कहना है कि उक्त जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए वे पिछले करीब दो वर्षों से लगातार अधिकारियों के कार्यालय और दरवाजे का चक्कर लगा रहे हैं।
शमशुल के अनुसार, उन्होंने इस मामले को लेकर अंचल अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और विभूतिपुर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। बावजूद इसके, अब तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।
इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। शमशुल ने मीडिया के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सरकारी जमीन को कथित कब्जे से मुक्त कराने की अपील की है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट