भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक, सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्था को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश
डीएनबी भारत डेस्क

तेघड़ा। एशिया के दूसरे सबसे बड़े श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले एवं महोत्सव के सफल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर तेघड़ा अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए शुक्रवार को गौशाला मैदान में ज्वाइंट ब्रीफिंग आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी श्री नीरज कुमार सिन्हा एवं डीएसपी श्री कृष्ण कुमार की मौजूदगी में आयोजित ब्रीफिंग में अनुमंडल के सभी संबंधित पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं प्रतिनियुक्त कर्मी उपस्थित रहे।
ज्वाइंट ब्रीफिंग के दौरान मेला एवं महोत्सव की व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं एवं निरंतर निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों एवं प्रतिनियुक्त बलों को उनके निर्धारित दायित्व एवं तैनाती स्थल के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री नीरज कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। मेला क्षेत्र में निरंतर निगरानी एवं प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने से पहले ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ट्रैफिक एवं पार्किंग पर विशेष फोकस
मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई है। चिन्हित पार्किंग स्थलों का प्रभावी उपयोग कराने, अनावश्यक वाहनों को मेला क्षेत्र में प्रवेश से रोकने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए गए। यातायात संचालन के लिए महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
डीएसपी श्री कृष्ण कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल समन्वय स्थापित कर स्थिति को नियंत्रित किया जाए।
कंट्रोल रूम से होगी निरंतर निगरानी
मेले की व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी श्री नीरज कुमार सिन्हा की पहल पर केंद्रीयकृत कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। कंट्रोल रूम के माध्यम से मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर कंट्रोल रूम से सभी संबंधित पूजा पंडालों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों तक एक साथ आवश्यक सूचना एवं निर्देश पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है।
सीसीटीवी, मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती
मेला क्षेत्र के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। मेला मंडप एवं पूजा समितियों को भी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
स्थानीय स्तर पर वालंटियरों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है, जो भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग एवं प्रशासनिक व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था
मेले के दौरान किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष तैयारी की गई है। विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर फायर ब्रिगेड की टीम एवं एम्बुलेंस को तैयार रखा गया है। चिकित्सा एवं अग्निशमन व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
ज्वाइंट ब्रीफिंग के दौरान सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी घटना की सूचना तत्काल संबंधित वरीय पदाधिकारी एवं कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
*इससे पहले अनुमंडल पदाधिकारी श्री नीरज कुमार सिन्हा एवं डीएसपी श्री कृष्ण कुमार के नेतृत्व में मेला क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी किया गया था। फ्लैग मार्च एवं ज्वाइंट ब्रीफिंग के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारू यातायात संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।*
प्रशासन का उद्देश्य है कि ऐतिहासिक एवं भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए और पूरा मेला शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो।
डीएनबी भारत डेस्क