डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर। जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र स्थित बंधन बैंक में दिन दहाड़े हुए लूटकांड की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मची हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार 28 अप्रैल को, दरभंगा प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी स्वयं सरायरंजन पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने बैंक परिसर का निरीक्षण भी किया तथा, बैंक कर्मियों और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करें।डीआईजी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हालत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने इस घटना में संलिप्त अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का निर्देश दिया। साथ ही आसपास के इलाकों में सघन वाहन जांच और संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाने को कहा। इधर सूत्रों के हवाले से खबर मिल रही है कि पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से परहेज कर रही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट