डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के बिरौली स्थित बूढ़ी गंडक नदी पुल से एक 15 वर्षीय किशोरी ने नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लापता किशोरी की पहचान कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के चकहाजी गांव निवासी सुरेश महतो की पुत्री ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर ज्योति का अपनी बहन से विवाद हो गया था।

विवाद के बाद वह नाराज होकर रोते हुए बिरौली पुल पर पहुंची और अचानक नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, उन्होंने किशोरी को नदी में कूदते देखा और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने किशोरी को बचाने का प्रयास किया।
नदी में मछली पकड़ रहे एक व्यक्ति ने भी उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धार के कारण वह बह गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी की तलाश के लिए SDRF की टीम को बुलाया गया है। नदी में लगातार खोजबीन की जा रही है, हालांकि अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट