मामला साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव का है।
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां संदिग्ध अवस्था में एक किसान की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। मामला साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव का है।

मृतक किसान की पहचान चौकी गांव निवासी शंकर यादव के पुत्र कृष्ण चंद्र पल्लव के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, कृष्ण चंद्र पल्लव बीती रात घर से शौच के लिए बहियार गए थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह होते ही ग्रामीणों ने बहियार में एक शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान कृष्ण चंद्र पल्लव के रूप में की। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
इस मौत के बाद लोगों ने बेगूसराय पुलिस और जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। पिछले एक सप्ताह में बेगूसराय में छह लोगों की हत्या हो चुकी है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों का कहना है कि यह मौत ठंड के कारण भी हो सकती है, लेकिन कई तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।घटना की सूचना मिलते ही बलिया डीएसपी साक्षी कुमारी मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के संबंध में बलिया डीएसपी साक्षी कुमारी ने बताया है कि चौकी गांव से कृष्ण चंद्र पल्लव का शव बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि अत्यधिक ठंड के कारण उनकी मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
डीएनबी भारत डेस्क
