समस्तीपुर DRM दफ्तर में चोरी का खुलासा: RPF ने दो चोर और कबाड़/बर्तन दुकानदार को दबोचा, कॉपर पाइप व तार बरामद

DNB Bharat Desk

पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय में हुई रेल उपकरणों की चोरी मामले का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। RPF की विशेष टीम ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक बर्तन दुकानदार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

- Sponsored Ads-

​जानकारी के अनुसार, बीते 26 अगस्त को DRM कार्यालय परिसर से जनरेटर तार व अन्य रेल उपकरणों की चोरी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर ASI शशिकांत तिवारी के नेतृत्व में क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (CIB) और आरपीएफ की एक विशेष टीम गठित की गई।

​तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने 29 अगस्त की अहले सुबह मालगोदाम चौक स्थित ओवरब्रिज के नीचे RRI कार्यालय के पास झाड़ियों में घेराबंदी कर दो अपराधियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के बारह पत्थर (वार्ड 35) निवासी हिमांशु कुमार उर्फ कुकू (26 वर्ष) और सुनील कुमार उर्फ शूटर (23 वर्ष) के रूप में हुई।

समस्तीपुर DRM दफ्तर में चोरी का खुलासा: RPF ने दो चोर और कबाड़/बर्तन दुकानदार को दबोचा, कॉपर पाइप व तार बरामद 2​पूछताछ में आरोपी सुनील उर्फ शूटर ने खुलासा किया कि वे रेलवे यार्ड में खड़ी ट्रेनों के कोचों और DRM कार्यालय में लगे स्प्लिट एसी के आउटडोर यूनिट से कॉपर पाइप व तार काटकर घोष लेन स्थित गोलू की बर्तन दुकान में बेचते थे।

​निशानदेही के आधार पर नगर थाना पुलिस के सहयोग से घोष लेन (वार्ड 25) स्थित बर्तन दुकान के गोदाम में छापेमारी की गई। वहां से चोरी का करीब 3 किलो कॉपर पाइप और तार बरामद हुआ। मौके से चोरी की संपत्ति खरीदने वाले दुकानदार गोलू कुमार (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹6,045 आंकी गई है।

​RPF पोस्ट समस्तीपुर में तीनों आरोपियों के खिलाफ 3 RP (UP) Act के तहत कांड संख्या 20/26 दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से अदालत ने तीनों को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया। मामले की अग्रिम जांच सब-इंस्पेक्टर एस.एस. कुमार को सौंपी गई है।

समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट

Share This Article