डीएनबी भारत डेस्क
हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (हर्ल), बरौनी इकाई में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। डॉ. मोहंती ने प्रशासकीय भवन एवं आवासीय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित सभी कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में हर्ल के प्रबंध निदेशक डॉ. सिबा प्रसाद मोहंती तथा बरौनी इकाई के बिजनेस यूनिट हेड नितिन सक्सेना उपस्थित रहे। अपने संबोधन में डॉ. मोहंती ने बरौनी इकाई की उत्कृष्ट उत्पादन उपलब्धियों, हर्ल की सफलता की यात्रा तथा राष्ट्र के उर्वरक क्षेत्र में कंपनी के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बरौनी इकाई की उपलब्धियां कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण, अनुशासन और कार्यनिष्ठा का परिणाम है।
उन्होंने हर्ल की राष्ट्र निर्माण एवं कृषि क्षेत्र के विकास में भूमिका को भी रेखांकित किया। इस अवसर पर उन्होंने आसपास के समुदायों के विकास के प्रति हर्ल की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, स्वच्छता एवं सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में बरौनी इकाई द्वारा किए जा रहे विभिन्न कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर ) कार्यों की जानकारी साझा की। समारोह को केंद्रीय विद्यालय, किड्जी, डीएवी पब्लिक स्कूल तथा हर्ल कर्मचारियों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने विशेष रूप से जीवंत बना दिया।
बच्चों की उत्साहपूर्ण एवं मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में देशभक्ति, उमंग और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और प्रबल किया। कार्यक्रम ने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के बीच एकता और सामुदायिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया। समारोह का समापन प्रेरणादायक संदेश “हर एक काम देश के नाम” के साथ हुआ, जो राष्ट्रहित में समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को प्रतिबिंबित करता है। उक्त जानकारी फैक्ट्री मैनेजर मनीष कुमार ने दिया।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट