किसानों और प्रजापति समाज पर कार्रवाई हुई तो नपेंगे अफसर।
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा के दीपनगर स्थित एक होटल अन्नपूर्णा के निजी सभागार में जिला ईंट निर्माता संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्घाटन बिहार सरकार के खनन एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और सांसद कौशलेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस दौरान एमएलसी रीना यादव, विधायक डॉ. सुनील, ईट निर्माता संघ के राष्ट्रीय महामंत्री मुरारी प्रसाद और जिलाध्यक्ष कुणाल रंजन सहित बड़ी संख्या में ईंट व्यवसायी मौजूद रहे। बैठक में मिट्टी स्टॉक पर जुर्माना, माइनिंग टैक्स में बढ़ोतरी, सरकारी योजनाओं में लाल ईंट के उपयोग पर रोक और माइनिंग विभाग की कार्रवाई जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस मौके पर खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने माइनिंग विभाग के अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि निजी जमीन से घरेलू उपयोग या जीविकोपार्जन के लिए मिट्टी काटने वाले किसानों और प्रजापति समाज के लोगों पर अनावश्यक कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि व्यावसायिक उपयोग की स्थिति में ही रॉयल्टी देनी होगी, जबकि नियमों के विरुद्ध कार्रवाई करने वाले अधिकारियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। वहीं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ईंट निर्माताओं की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और व्यवसाय से जुड़े लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
डीएनबी भारत डेस्क