हरनौत थाना क्षेत्र के रूपसपुर गांव की घटना।
डीएनबी भारत डेस्क
हरनौत थाना क्षेत्र के रूपसपुर गांव के वार्ड संख्या-16 स्थित मुशहरी टोला में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद पड़े मकान में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया। अज्ञात चोरों ने सुनसान पड़े घर का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ घर के अंदर प्रवेश किया और गोदरेज व लोहे की पेटी का ताला तोड़कर करीब 2.50 लाख नगद तथा लगभग 18 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।

मकान मालिक अजय कुमार के पुत्र जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनका पूरा परिवार वर्तमान में पटना में रहता है। गांव स्थित पैतृक मकान में बीच-बीच में आना-जाना होता रहता है। शुक्रवार की रात घर पूरी तरह बंद था। शनिवार को पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। घर पहुंचने पर देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला कटा हुआ था और घर के सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे प्रतीत होता है कि चोरों ने काफी देर तक घर में रहकर आराम से हर कोने की तलाशी ली।
पीड़ित परिवार के अनुसार गोदरेज में रखे 2.50 लाख नकद, सोने की दो जोड़ी कान की बाली, दो चेन, दो अंगूठियां, तीन लॉकेट, पांच मंगलसूत्र, एक झुमका, एक नथिया तथा चांदी की चार जोड़ी पायल चोरी हो गईं। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी चोरी होने के बावजूद आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से घर की रेकी की होगी।
घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, चोरी की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड टीम को बुलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
डीएनबी भारत डेस्क