डीएनबी भारत डेस्क
आज खानपुर अंचल कार्यालय में नवपदस्थापित अंचल अधिकारी सुश्री प्रिया आर्यानी ने विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पूर्व अंचल अधिकारी श्री मनीष कुमार ने उन्हें पदभार सौंपते हुए कार्यालय की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक दायित्वों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत जानकारी साझा की।

पदभार ग्रहण समारोह के उपरांत पूर्व अंचल अधिकारी श्री मनीष कुमार के सम्मान में एक गरिमामय विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में श्री मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जनसेवा की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील तरीके से समाधान करने का आग्रह किया।
नवपदस्थापित अंचल अधिकारी सुश्री प्रियाआर्यानी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनहित, पारदर्शी प्रशासन एवं सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी के सहयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूर्व अंचल अधिकारी श्री मनीष कुमार को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट