डीएनबी भारत डेस्क
बिहार शिक्षा विभाग की ओर से पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा कराने के लाख दावों के बीच नालंदा जिले के हरनौत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हरनौत बाजार स्थित राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित त्रैमासिक परीक्षा के दौरान कुछ छात्रों को मोबाइल फोन के सहारे नकल करते हुए देखा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

वायरल वीडियो विद्यालय के नवनिर्मित भवन का बताया जा रहा है। वीडियो में कक्षा 10वीं के छात्र परीक्षा हॉल में परीक्षा देते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि उस समय कक्ष में कोई शिक्षक निगरानी के लिए मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर कुछ छात्र खुलेआम मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए नकल करते नजर आए। इतना ही नहीं, कई छात्र परीक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए एक-दूसरे के बिल्कुल पास बैठकर उत्तर लिखते भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सोशल मीडिया पर लोग परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, इस मामले पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार गावस्कर ने सफाई देते हुए कहा कि विद्यालय में प्रवेश के समय सभी विद्यार्थियों से मोबाइल फोन जमा कराया जाता है।
इसके बावजूद कुछ शरारती छात्र किसी तरह मोबाइल अंदर ले गए और परीक्षा के अंतिम समय में उसका इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय के ही एक छात्र ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।जिसकी गहन जांच की जाएगी।
डीएनबी भारत डेस्क