डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय) : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटर (11वीं) सत्र 2026-28 में नामांकन से वंचित छात्रों को एक और अवसर देते हुए स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश जारी किया है। संयुक्त सचिव, ओ एफ एस एस द्वारा सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चयन सूची जारी होने तथा छात्रों के अपडेटेशन के बाद विभिन्न शिक्षण संस्थानों में रिक्त सीटों पर स्पॉट एडमिशन लिया जाएगा।

समिति के अनुसार स्पॉट एडमिशन के लिए तीन प्रकार के छात्र पात्र होंगे। इनमें वे छात्र शामिल हैं जिनका नाम तीनों चयन सूचियों में नहीं आया, जिन्होंने अब तक ओ एफ एस एस के माध्यम से आवेदन नहीं किया तथा वे छात्र जिनका चयन होने के बावजूद नामांकन नहीं हो सका।जारी निर्देश के अनुसार संबंधित शिक्षण संस्थान 25 एवं 26 जून को छात्रों से आवेदन प्राप्त करेंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद 27 जून को स्पॉट एडमिशन चयन सूची प्रकाशित की जाएगी तथा इसकी सूचना संस्थान के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर छात्रों को ई-मेल एवं एसएमएस के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती है।
यदि किसी संस्थान में उपलब्ध रिक्त सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो संस्थान द्वारा प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी। चयनित छात्रों का नामांकन 27 जून से 1 जुलाई 2026 तक लिया जाएगा। इसके बाद संबंधित संस्थानों को 2 जुलाई तक नामांकित छात्रों की सूची ओ एफ एस एस पोर्टल पर अपडेट करनी होगी।समिति ने स्पष्ट किया है कि ओ एफ एस एस के माध्यम से नामांकित छात्रों का ही 11वीं कक्षा में पंजीयन किया जाएगा और वही छात्र वर्ष 2028 की इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ओ एफ एस एस पोर्टल 3 जुलाई 2026 से बंद कर दिया जाएगा।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट