माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या तय करने का नया SOP जारी

DNB Bharat Desk
- Sponsored Ads-

भगवानपुर | बिहार शिक्षा विभाग ने राज्य के राजकीय, राजकीयकृत, प्रोजेक्ट, उत्क्रमित एवं नवस्थापित उच्च माध्यमिक विद्यालयों में माध्यमिक (कक्षा 9-10) तथा उच्च माध्यमिक (कक्षा 11-12) शिक्षकों की संख्या निर्धारण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी कर दी है। 

जारी इस व्यवस्था का उद्देश्य विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात को संतुलित करना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है। शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर उपलब्ध नामांकन आंकड़ों और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के रिकॉर्ड के आधार पर विद्यालयों की समीक्षा की है। इसके तहत कक्षा 9 से 12 तक नामांकित छात्र-छात्राओं की संख्या के अनुसार विषयवार एवं संकायवार शिक्षकों की आवश्यकता निर्धारित की गई है। 

जारी SOP के अनुसार तीन संकाय वाले उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9 एवं 10 में 60-60 छात्र, जबकि कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की कक्षा 11 एवं 12 में 40-40 छात्रों का एक सेक्शन माना जाएगा। इस प्रकार ऐसे विद्यालय में कुल 360 विद्यार्थियों के आधार पर शिक्षकों के पद स्वीकृत किए जाएंगे।विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कक्षा 9 या 10 में 60 से अधिक छात्र नामांकित होंगे तो अतिरिक्त सेक्शन बनाया जाएगा। इसी प्रकार कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में निर्धारित संख्या से अधिक नामांकन होने पर अतिरिक्त विषय शिक्षक की पात्रता बनेगी।

 उच्च माध्यमिक स्तर पर छात्र संख्या बढ़ने के साथ शिक्षकों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। नई व्यवस्था के तहत विज्ञान संकाय में गणित, रसायन, भौतिकी तथा कंप्यूटर शिक्षक, कला संकाय में इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान एवं मनोविज्ञान तथा वाणिज्य संकाय में लेखा, व्यवसाय अध्ययन और संबंधित विषयों के शिक्षकों की संख्या छात्र नामांकन के अनुसार निर्धारित होगी।

शिक्षा विभाग के इस निर्णय से विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता को लेकर लंबे समय से चली आ रही असमानता दूर होने की उम्मीद है। विभाग का मानना है कि छात्र संख्या के अनुरूप शिक्षकों की तैनाती होने से पठन-पाठन व्यवस्था में सुधार आएगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट

Share This Article