बेटी होने की सजा? जन्म के कुछ घंटे बाद नवजात का शव अस्पताल में मिला
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा: बेटियों को लेकर समाज में फैली दकियानूसी सोच का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान (विम्स), पावापुरी के इमरजेंसी वार्ड स्थित शौचालय के कमोड से शनिवार को एक नवजात बच्ची का शव बरामद हुआ। घटना ने अस्पताल प्रशासन समेत पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्ची का जन्म कुछ घंटे पहले ही हुआ था। उसके शरीर पर नाल लगी हुई थी, जिससे चिकित्सकों ने पुष्टि की कि जन्म हाल ही में हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची की हत्या कर शव को शौचालय के कमोड में फेंक दिया गया। सफाईकर्मी विष्णुकांत ने बताया कि दोपहर 2 बजे तक शौचालय पूरी तरह साफ था। इसके बाद किसी समय यह घटना हुई।
शव मिलने की सूचना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और डॉक्टरों व कर्मचारियों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही पावापुरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बच्ची को वहां तक लाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। अस्पताल उपाधीक्षक डॉ अजय कुमार ने घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
वहीं पावापुरी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।शव को मोर्चरी में रखा गया है। सीसीटीवी की जांच की जा रही है। फिलहाल इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर समाज में बेटियों के प्रति सोच और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डीएनबी भारत डेस्क