सामूहिक प्रयासों से HURL बरौनी बना देश का दूसरा सबसे बड़ा यूरिया उत्पादक

DNB Bharat Desk

बेगूसराय: हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के 11वें स्थापना दिवस का उत्सव एचयूआरएल बरौनी इकाई में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर एचयूआरएल के अध्यक्ष वीरेन्द्र मलिक, निदेशक रितु अरोड़ा, प्रबंध निदेशक शिवा प्रसाद मोहंती तथा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने भाग लिया। वहीं कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को संबोधित करते हुए एचयूआरएल के अध्यक्ष वीरेन्द्र मलिक ने संगठन की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कंपनी के किसी भी प्रमोटर को उर्वरक उत्पादन का पूर्व अनुभव नहीं था, फिर भी सभी ने इस चुनौती को स्वीकार किया और सामूहिक प्रयासों के बल पर एचयूआरएल आज देश का दूसरा सबसे बड़ा यूरिया उत्पादक बन चुका है।

अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक शिवा प्रसाद मोहंती ने कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, समर्पण और त्याग की सराहना की। उन्होंने कहा कि एचयूआरएल परिवार के सामूहिक प्रयासों ने संगठन को अल्प समय में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने वैश्विक चुनौतियों, विशेष रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज संकट, का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे कठिन परिस्थितियों के बावजूद एचयूआरएल ने 100 प्रतिशत से अधिक उत्पादन का लक्ष्य हासिल कर अपनी क्षमता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। बरौनी इकाई प्रमुख (बीयूएच) नितिन सक्सेना ने पिछले एक वर्ष में बरौनी इकाई द्वारा हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने उत्पादन एवं ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ कर्मचारियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने हेतु उठाए जा रहे विभिन्न कदमों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन प्रसिद्ध गायक सलमान अली एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ, जिसने उपस्थित सभी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।

- Sponsored Ads-
Share This Article