बिहार में पोस्टर वार तेज, जेडीयू सांसद बोले- विकास पुरुष नीतीश की तस्वीर रहनी चाहिए,जो लोग अच्छा काम किए है उनका पोस्टर होना चाहिए
डीएनबी भारत डेस्क
इन दिनों बिहार की राजनीति में पोस्टर पॉलिटिक्स को लेकर घमासान मचा हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर पोस्टरों से गायब होने पर अब जेडीयू के भीतर से ही सवाल उठने लगे हैं। बाहुबली नेता आनंद मोहन के बाद अब नालंदा से जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने भी इस पर चिंता जताई है।

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि कुछ जगहों पर प्रोटोकॉल की वजह से पोस्टरों में नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं दिखी, लेकिन उनका मानना है कि जिन नेताओं ने बिहार के विकास में अहम भूमिका निभाई है, उनका पोस्टर में होना जरूरी है।मलमास मेला के दौरान राजगीर में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पोस्टर कम दिखाई देने को लेकर उन्होंने चिंता जाहिर की।उन्होंने कहा कि अगर कोई पोस्टर को लेकर राजनीति करता है तो यह ठीक नहीं है।
सांसद ने नीतीश कुमार को विकास पुरुष बताते हुए कहा कि बिहार में विकास की नींव उन्होंने रखी है। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी नीतीश कुमार की सोच और पदचिन्हों पर चलेंगे।कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने जनता का भरोसा जीता है और अब यह जिम्मेदारी सम्राट चौधरी पर है कि वह उस भरोसे को कैसे कायम रखते हैं। हालांकि, उन्होंने एक बार फिर पोस्टर से तस्वीर गायब होने के पीछे प्रोटोकॉल को ही वजह बताया।
डीएनबी भारत डेस्क