डीएनबी भारत डेस्क
राजगीर की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 1986 में शुरू किया गया राजगीर महोत्सव आज एक भव्य सांस्कृतिक उत्सव के रूप में स्थापित हो चुका है।

तब से लेकर अब तक यह महोत्सव हर वर्ष दिसंबर महीने में बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष राजगीर महोत्सव 2025 का आयोजन 19 दिसंबर से 21 दिसंबर तक किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियाँ लगभग पूरी कर ली गई हैं।
19 दिसंबर को राजगीर महोत्सव 2025 का भव्य उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा होने की सम्भावना हैं.महोत्सव के पहले दिन यानी 19 दिसंबर को सुप्रसिद्ध सूफी गायक कैलाश खेर अपने कैलाश खेर बैंड के साथ राजगीर की वादियों में अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे।
वहीं 20 दिसंबर को इंडियन आइडल सीजन-10 के विजेता सलमान अली अपनी मधुर आवाज़ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।जबकि 21 दिसंबर को प्रसिद्ध गायिका भव्या पंडित की सुरीली आवाज़ से राजगीर की वादियाँ गूंज उठेंगी।
राजगीर महोत्सव की तैयारियों को लेकर उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलीक खांडेकर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार महोत्सव के दौरान आयोजित ग्रामश्री मेला विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। मेले में तरह-तरह के स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें जीविका दीदियों के स्टॉल, पुस्तक मेला, व्यंजन मेला, ग्राम कृषि मेला प्रमुख हैं।
इसके अलावा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, राजस्थान, असम, गुजरात और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के उद्योग और स्व-सहायता समूह इस बार ग्रामश्री मेले में अपने उत्पादों के साथ भाग ले रहे हैं।
कुल मिलाकर, राजगीर महोत्सव 2025 संस्कृति, संगीत, हस्तशिल्प और लोक परंपराओं का अद्भुत संगम साबित होने जा रहा है, जो पर्यटकों को राजगीर की ओर आकर्षित करेगा।
डीएनबी भारत डेस्क