दोनों दो समाज से रखते थे संबंध, शादी से परिजन थे नाराज, दीपनगर थाना क्षेत्र के डीटीओ कार्यालय के पीछे खेत से हुआ शव बरामद
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा जिले में अपराध और संदिग्ध मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। महज 24 घंटे के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार लोगों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है।
ताजा मामला दीपनगर थाना क्षेत्र के चक रसलपुर गांव का है, जहां डीटीओ कार्यालय के पीछे खेत से एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान मंसूरनगर इलाके के राजेश कुमार के रूप में हुई है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया ड्रग्स ओवरडोज से मौत की बात कह रही है।
परिजनों के मुताबिक राजेश कुमार ने वर्ष 2021 में बनौलिया गांव की रहने वाली सोनी कुमारी से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग समुदाय से थे, जिस कारण परिवार वाले इस शादी से खुश नहीं थे। हालांकि शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे।हमलोगों को शक है कि राजेश की हत्या की गई है। उसके कान से खून निकल रहा था और शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे।
वहीं मृतक की पत्नी सोनी कुमारी ने बताया कि उसने मंदिर में राजेश कुमार से शादी की थी और शादी के बाद हिंदू धर्म अपनाकर पति के साथ रह रही थी। उसने यह भी बताया कि राजेश पहले से ड्रग्स का सेवन करता था।हम दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की थी। शादी के बाद हम साथ रह रहे थे। मृतक के परिवार का आरोप है कि राजेश और उसकी पत्नी दोनों नशे के आदी थे।
वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रथम दृष्टया मामला ड्रग्स के ओवरडोज से मौत का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।”
डीएनबी भारत डेस्क