साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया; काम के दबाव से तंग आकर ब्रांच मैनेजर ने दी जान
डीएनबी भारत डेस्क
खबर समस्तीपुर से है जहां संदिग्ध हालत में एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर की कमरे में फंदे से झूलता हुआ शव मिला है। परिजनों ने अधिकारियों पर काम के लिए प्रशेर बनाने का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान चकमहेसी के शिवनगर वार्ड संख्या-4 निवासी दीनदयाल रजनीश के रूप में हुई है। घटना विभूतिपुर थाना क्षेत्र की है।

मृतक के भाई नरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। चार साल की एक बेटी है। अक्सर अपने काम को लेकर तनाव में रहता था। घर पर काम का लोड और अधिकारियों की ओर प्रेशर बनाने की बात करता था। कई बार नौकरी छोड़ने की भी इच्छा जताई थी। पिछले साल विभाग को इस्तीफा भी भेजा था, लेकिन अधिकारियों ने समझा-बुझाकर नौकरी जारी रखने के लिए मना लिया।
मृतक के भाई ने कहा कि कंपनी के कर्मचारियों के द्वारा फोन पर बताया गया कि दीनदयाल अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं।जब मौके पर पहुंचा तो वहां पहले से पुलिस टीम मौजूद थी। कमरा अंदर से बंद था पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का सीन देखकर झटका लगा। शव पंखे से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला।
वहीं, इस संबंध में विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि एक निजी फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर का शव मिला है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट