डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब से लदे एक ट्रक, एक कार तथा चार शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।

थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भगवानपुर-संजात मुख्य पथ पर ताजपुर दुबटिया के पास एक ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान ट्रक संख्या BR 01GJ 9260 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 90 कार्टन किंगफिशर बीयर (1080 लीटर), 375 एमएल की 30 कार्टन शराब (270 लीटर) तथा 750 एमएल की 21 कार्टन शराब (189 लीटर) शामिल है। कुल मिलाकर पुलिस ने 1539 लीटर विदेशी शराब बरामद की।

मौके से एक मारुति डिजायर कार संख्या BR 09PA 9321 को भी जब्त किया गया। वहीं पुलिस ने चार शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समस्तीपुर जिले के खानपुर निवासी दिनेश चौधरी के पुत्र धनंजय कुमार, बेगूसराय जिले के मंसूरचक निवासी कमल किशोर चौधरी के पुत्र शिव कुमार चौधरी, भगवानपुर थाना क्षेत्र के गेहूनी निवासी दीपक सिंह के पुत्र शिवम कुमार तथा मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के तेउरसा निवासी राजदेव राय के पुत्र मनोज कुमार के रूप में की गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट