डीएनबी भारत डेस्क
जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा पैक्स निर्वाचन-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला सहकारिता पदाधिकारी-सह-जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (सहकारिता) द्वारा बताया गया कि जिले के 12 प्रखंडों में यह निर्वाचन 20 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा।

मंझौल अनुमंडल के अंतर्गत चेरिया बरियारपुर एवं छौड़ाही प्रखंड, बेगूसराय अनुमंडल के अंतर्गत बेगूसराय सदर, मटिहानी, बरौनी एवं खोदावंदपुर प्रखंड, बखरी अनुमंडल के अंतर्गत नावकोठी प्रखंड, बलिया अनुमंडल के अंतर्गत बलिया, साहेबपुर कमाल एवं डंडारी प्रखंड तथा तेघड़ा अनुमंडल के अंतर्गत तेघड़ा एवं मंसूरचक प्रखंड में मतदान आयोजित किया जाएगा।
निर्वाचन के दौरान बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के निर्देशानुसार मतदान सुबह 07:00 बजे से अपराह्न 04:30 बजे तक संपन्न होगा। पंचायत स्तर पर आयोजित इस चुनाव को स्थानीय एवं राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील मानते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं भयमुक्त बनाने के लिए संबंधित क्षेत्रों में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बलों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
मतदान संपन्न होने के उपरांत सभी दंडाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि मतदान दल बैलेट बॉक्स के साथ सुरक्षित रूप से निर्धारित स्ट्रांग रूम तक पहुँचें। इसके उपरांत संबंधित पदाधिकारी अपना प्रतिवेदन संबंधित निर्वाची पदाधिकारी/अनुमंडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।
मतगणना की प्रक्रिया अधिकांश प्रखंडों में 20 अप्रैल 2026 को ही संपन्न की जाएगी, जबकि तेघड़ा प्रखंड में मतगणना 21 अप्रैल 2026 को निर्धारित की गई है। सभी मतगणना केंद्र प्रखंड स्तर पर चिन्हित किए गए हैं, जहाँ सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे तथा सतत भ्रमणशील रहकर स्थिति पर निगरानी बनाए रखेंगे। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने का निर्देश दिया गया है।
डीएनबी भारत डेस्क