डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड में जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 13 अप्रैल 2026 से सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रखंड के दो केंद्रों पर कुल पाँच बैचों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें संबंधित कर्मियों को जनगणना कार्य के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

इसी क्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कल्याणपुर प्रखंड में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं एवं प्रतिभागियों की उपस्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मियों को जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है, इसलिए इसमें शत-प्रतिशत सटीकता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों द्वारा भी सक्रिय रूप से भाग लिया जा रहा है तथा उन्हें व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलतापूर्वक कर सकें।
जिला प्रशासन द्वारा इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट