डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है,जहां सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल पर टीसी के नाम पर छात्रों से अवैध वसूली का आरोप लगा है। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

आपको बताते चले बेगूसराय के साहेवपुर कमाल थाना क्षेत्र स्थित कुरहा ललिता अंबिका मध्य विद्यालय से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में स्कूल के प्रधानाध्यापक पर छात्र-छात्राओं से ट्रांसफर सर्टिफिकेट यानी टीसी के नाम पर जबरन पैसा वसूलने का आरोप लग रहा है।वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से खुलेआम छात्रों से पैसे लिए जा रहे हैं, यहां तक कि अभिभावकों के विरोध के बावजूद भी यह सिलसिला जारी है।कैमरे के सामने ही कथित तौर पर अवैध वसूली की जा रही है, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि वीडियो में जो कुछ दिख रहा है, वह बेहद गंभीर है और प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट होता है कि टीसी के नाम पर छात्रों से अवैध वसूली की जा रही है।डीईओ ने कहा कि इस मामले में संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
साथ ही उच्च अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।फिलहाल बड़ा सवाल यह है कि शिक्षा के मंदिर में ही अगर इस तरह की अवैध वसूली होगी, तो बच्चों के भविष्य का क्या होगा। अब देखना होगा कि जांच के बाद दोषी प्रिंसिपल पर क्या सख्त कार्रवाई होती है।
डीएनबी भारत डेस्क