डीएनबी भारत डेस्क
बड़ी खबर समस्तीपुर से आ रही है जहां हसनपुर थाना क्षेत्र में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब मल्हीपुर गांव निवासी शंकर साह के लापता पुत्र राकेश कुमार की मोटरसाइकिल और कपड़े संदिग्ध परिस्थिति में बरामद किए गए। इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित लोगों ने सुभाष चौक को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि राकेश कुमार पिछले कुछ दिनों से लापता था, जिसकी खोजबीन में परिजन लगातार लगे हुए थे। इसी बीच उसकी मोटरसाइकिल और कपड़े मिलने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। परिजनों को आशंका है कि राकेश के साथ कोई अनहोनी हुई है, जिसे लेकर वे प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ दोषियों की गिरफ्तारी और राकेश की सकुशल बरामदगी की मांग पर अड़ी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहराई से जांच कर जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट