डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस को नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। जहां गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नगर थाना पुलिस ने 26 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ट्रैफिक चौक पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान की गई।

बताया जा रहा है कि दोनों तस्कर खगड़िया से बेगूसराय की ओर भारी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे थे। इसी दौरान पुलिस को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर सघन जांच अभियान चलाया गया।जांच के दौरान जब दोनों संदिग्धों के बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से करीब 26 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान खगड़िया जिले के रहने वाले प्रत्युष और सौरभ कुमार के रूप में की गई है। दोनों तस्कर दो अलग-अलग बैग में गांजा लेकर बेगूसराय में सप्लाई करने पहुंचे थे।सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि बेगूसराय पुलिस लगातार नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत यह सफलता हाथ लगी है।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले लोहिया नगर थाना पुलिस ने 42 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया था।लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा।फिलहाल दोनों गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश में पुलिस जुटी हुई है।
डीएनबी भारत डेस्क