डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर| बेगूसराय शिक्षा विभाग, बिहार के निर्देशानुसार जिले में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता (FLN) अभियान को और प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसको लेकर जारी पत्र में कक्षा 4, 5 एवं 6 के उन बच्चों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है, जो अभी तक अपेक्षित दक्षता हासिल नहीं कर पाए हैं।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि नई शिक्षा नीति 2020 के तहत कक्षा 3 तक सभी बच्चों में बुनियादी पढ़ने-लिखने और गणितीय दक्षता सुनिश्चित करना अनिवार्य है, लेकिन कई बच्चे अब भी लक्ष्य से पीछे हैं। ऐसे में कक्षा 4 से 6 तक के बच्चों को चिन्हित कर उन्हें विशेष शैक्षणिक सहयोग दिया जाएगा।विभाग ने बताया कि इस अभियान के तहत विद्यालय स्तर पर बच्चों का आकलन कर उन्हें उनकी सीखने की क्षमता के अनुसार समूहों में बांटा जाएगा। इसके बाद ‘टीचिंग एट द राइट लेवल’ (TaRL) पद्धति के माध्यम से उन्हें भाषा और गणित में दक्ष बनाने के लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी।शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे गतिविधि आधारित शिक्षण अपनाते हुए बच्चों की नियमित प्रगति का मूल्यांकन करें।
साथ ही, विद्यालयों में सतत निगरानी एवं सहयोग के लिए क्लस्टर और ब्लॉक स्तर पर भी समीक्षा की जाएगी।अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण, शिक्षण सामग्री की उपलब्धता तथा अभिभावकों की सहभागिता पर भी जोर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कमजोर विद्यार्थियों को मुख्यधारा में लाने के लिए यह पहल चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी।जिला स्तर पर अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित निरीक्षण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करें और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएं, ताकि सभी बच्चे निर्धारित समय में बुनियादी दक्षता हासिल कर सकें।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट