बेगूसराय में बिना अनुमति सांसद निधि की लाइब्रेरी ढहाने पर घिरे बीडीओ, डीएम श्रीकांत शास्त्री ने मांगा स्पष्टीकरण

DNB Bharat Desk

जिला पदाधिकारी बेगूसराय  श्रीकांत शास्त्री द्वारा भगवानपुर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में नव-निर्मित प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन के निर्माण कार्य के क्रम में पूर्व में सांसद निधि से निर्मित पुस्तकालय-सह-वाचनालय भवन को ध्वस्त किए जाने के मामले को गंभीरता से लिया गया है।

- Sponsored Ads-

इस संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी, भगवानपुर  धर्मवीर कुमार प्रभाकर से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। जारी पत्र में कहा गया है कि प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन निर्माण के दौरान पुस्तकालय-सह-वाचनालय भवन को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि इस संबंध में न तो कोई पूर्व मार्गदर्शन प्राप्त किया गया और न ही जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।

जिला पदाधिकारी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इस कार्रवाई से सरकारी राजस्व की क्षति हुई है तथा यह प्रशासनिक प्रक्रियाओं की अवहेलना का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी से पूछा है कि बिना सक्षम अनुमति एवं आवश्यक परामर्श के उक्त कार्रवाई क्यों की गई।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि वे पत्र प्राप्ति के तीन दिनों के भीतर अपना विस्तृत स्पष्टीकरण समर्पित करना सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों से संबंधित मामलों में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन अनिवार्य है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा।

Share This Article