जिला परिषद की राशि को नियमों के विरुद्ध अन्य मदों में खर्च किया गया है- विधायक रजनीश
डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय में जिला परिषद में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जिला पार्षदों का अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है। धरने के 11वें दिन तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार धरना स्थल पर पहुंचे और जिला पार्षदों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इस दौरान विधायक ने जिला परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि पिछले 14 महीनों से जिला परिषद की बैठक नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताते हुए कहा कि हालात इतने खराब हैं कि बैठक कराने की मांग को लेकर खुद जिला परिषद अध्यक्ष को धरने पर बैठना पड़ा।विधायक ने आरोप लगाया कि जिला परिषद की राशि को नियमों के विरुद्ध अन्य मदों में खर्च किया गया है। उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों द्वारा करीब पांच करोड़ रुपये की राशि को 27 अलग-अलग खंडों में बांटकर खर्च किया गया, जो पूरी तरह नियमों के खिलाफ है।
रजनीश कुमार ने कहा कि इस पूरे मामले को वे विधानसभा में उठाएंगे और निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।वहीं धरने पर बैठे जिला परिषद सदस्यों ने कहा कि जिला परिषद में लंबे समय से भ्रष्टाचार का माहौल बना हुआ है। जिला पार्षदों का आरोप है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत लगातार जिलाधिकारी से लेकर वरीय अधिकारियों तक की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।जिला पार्षदों ने कहा कि प्रशासन की उदासीनता से मजबूर होकर उन्हें धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता और भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस धरना स्थल पर बड़ी संख्या में जिला पार्षद मौजूद रहे और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
डीएनबी भारत डेस्क